केंद्रीय बजट देश के समग्र विकास को गति देगा: डॉ. आर्य
केंद्रीय बजट देश के समग्र विकास को गति देगा और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को मजबूत करेगा। बजट में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान दिया गया है। इससे आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा। यह बातें नवाबगंज के भाजपा विधायक डॉ. एमपी आर्य ने कहीं। भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई की ओर से केंद्रीय बजट के सीधे प्रसारण की व्यवस्था सौ फुटा रोड स्थित अशरफी बैंक्वेट हॉल में की गई। यहां पार्टी के जिला पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मोर्चों के अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं ने बजट भाषण को सुना।
डॉ. एमपी आर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार नौंवी वार बजट पेश किया। उन्होंने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भरता, समावेशी विकास और आर्थिक अनुशासन का संतुलित उदाहरण है। लगभग सात प्रतिशत की निरंतर आर्थिक वृद्धि दर वैश्विक परिस्थितियों में भारत की आर्थिक ताकत को दर्शाती है। भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा ने कहा कि यह बजट विकासोन्मुखी है और इसे हर वर्ग की अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह बजट दूरदर्शी सोच पर आधारित है, जिसमें इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार सृजन, आत्मनिर्भर भारत और तकनीकी सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी गई है। एमएसएमई सेक्टर, स्वास्थ्य सेवाओं, ग्रीन एनर्जी और बायो-फार्मा सेक्टर के लिए किए गए प्रावधान देश की अर्थव्यवस्था को दीर्घकालिक मजबूती देंगे।
सपा सांसद बोले- बजट से आज लोग निराश
आंवला के सपा सांसद नीरज मौर्य ने बताया कि आम बजट में सरकार ने उत्तर प्रदेश जैसे देश के बड़े राज्य पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। यह इतना बड़ा राज्य है कि यहां किसान, मजदूर और गरीब बड़ी संख्या में रहते हैं। उनके लिए कोई योजना नहीं बनाई गई, उनके लिए कुछ भी नहीं किया गया और उनका जिक्र तक नहीं हुआ। हमें लगता है कि देश के गरीब, कमजोर और आम लोग निराश हुए हैं। सभी लोग देख सकते हैं कि शेयर बाजार धराशायी हो गया है और कमोडिटी बाजारों को भारी नुकसान हुआ है। इस बजट में आम जनमानस के लिए कोई राहत नही दी गई है।