अब तक बरेली के लोग लाल फाटक पर ओवर ब्रिज की मांग कर रहे थे लेकिन अंडर पास की सौगात मिलने जा रही है। यहां पहले से मौजूद जर्जर हो चुके अंडर पास को रेलवे ने बनवाने का फैसला लिया है, इसीलिए डीएम को एनओसी के लिए लिखा है।
बदायूं रोड से बरेली आने के लिए लाल फाटक पर लंबा जाम लगा रहता है। इस रूट पर ट्रेनों का आवागमन है। तीन साल पहले मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बरेली आए और यहां की पुरानी समस्या लाल फाटक पर ओवर ब्रिज बनाने की मांग को पूरा कराने की घोषणा की। ओवर ब्रिज बनाने के लिए डीएम और कमिश्नर के स्तर से प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान वित्तीय वर्ष के बजट में रेलवे ने इस ओवर ब्रिज के लिए धनराशि की व्यवस्था कर दी है। दूसरी ओर राज्य सरकार ने भी रेलवे बोर्ड में समन्वय के लिए कमिश्नर को अधिकृत कर दिया है।
पिछले माह बरेली आई रेलवे बोर्ड की टीम ने यहां पुलिया के निकट जर्जर हाल अंडर पास को देखा तो उसे भी नए सिरे से बनाने का प्रस्ताव तैयार किया है। इसके लिए एनओसी मांगी गई है, इस बारे में शासन के माध्यम से जिला प्रशासन को पत्र मिला है। कमिश्नर प्रमांशु कुमार ने बताया कि अंडर पास अंडर पास बनाने के लिए रेलवे की ओर से प्रस्ताव है। जिसके लिए डीएम की एनओसी मांगी गई है। यह अंडर पास जनता के हित में है, इसलिए जल्द ही एनओसी भेज दी जाएगी। जिससे कि अंडर पास और ओवरब्रिज का निर्माण समय से शुरू हो सके। प्रदेश सरकार की ओर से भी इनकेलिए पूरा सहयोग किया जा रहा है।