प्रेमनगर में मकान के विवाद में चाचा ने भतीजे पर लाठी डंडे से हमला कर दिया। दो दिन इलाज के बाद युवक की मौत हो गई। उसकी पत्नी ने चचिया ससुर के खिलाफ प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रेमनगर के भूड़ वाल्मीकि बस्ती निवासी सुरेखा ने थाना प्रभारी अंजना दहिया को बताया कि रविवार रात करीब नौ बजे उनके पति देव को उनके चचिया ससुर हरिकिशन ने लाठी डंडों से पीटा था। मकान के विवाद को लेकर हरिकिशन ने देव के सिर और शरीर पर लाठी-डंडे बरसाए थे। सुरेखा ने घायल देव का इलाज कराया था। 21 अप्रैल को हालत बिगड़ने पर सुरेखा अपने पति देव को निजी अस्पताल लेकर गई। अस्पताल में डाक्टर ने देव को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सुरेखा ने प्रेमनगर थाने पहुंचकर हरिकिशन के खिलाफ तहरीर दी। सुरेखा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर देव के शव का पोस्टमाॅर्टम कराया जा रहा है। प्रेमनगर पुलिस हरिकिशन की तलाश कर रही है।