शेरगढ़। क्षेत्र के गांव पनवड़िया के प्रधान के बेटे और उनके रिश्ते के भतीजे की मौत की खबर लोगों को विचलित कर गई। दोपहर बाद शव गांव लाए गए तो चीख-पुकार मच गई। हर साल जाने वाली इस टोली में महंत हरप्रसाद गंगवार के नेतृत्व में इस बार 30 कांवड़िये हरिद्वार के लिए निकले थे। जत्थे में एक डीसीएम और सात बाइकें शामिल थीं। हर बाइक पर दो कांवड़िये सवार थे। बाकी लोग डीसीएम में बैठकर जा रहे थे। प्रधान ओम प्रकाश गंगवार का बेटा अखिलेश कुमार चौथी बार कांवड़ लेने हरिद्वार गया था। अखिलेश का भतीजा शिवम कुमार दूसरी बार कांवड़ लेने गया था। शिवम की शादी तीन वर्ष पहले हुई थी। उनका एक पुत्र आर्यन है। शिवम ही मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट है।
प्रधान ओम प्रकाश ने बताया कि गांव स्थित श्मशान भूमि में पुत्र अखिलेश का अंतिम संस्कार कर दिया। शिवम को उनके पिता नरेंद्र ने मुखाग्नि दी। अखिलेश कुमार का मौसेरा भाई राम बहादुर और रिश्ते का भतीजा उत्कृष्ट भी घायल हो गए हैं। संवाद