बहेड़ी। थाना क्षेत्र के गांव सकरस में छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन टूटकर गिरने से उसकी चपेट में आकर मां-बेटी की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह 10 बजे मां-बेटी यहां रिश्तेदारी में नामकरण संस्कार में शामिल होने आईं थीं। कुछ ही घंटे बाद दोपहर 1:15 बजे यह हादसा हो गया।
देवरनियां थाने के गांव चुबकिया निवासी दयाराम उर्फ राजपाल की बहन बहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव सकरस गांव निवासी आकाश से ब्याही हैं। शुक्रवार को आकाश के बेटे के नामकरण संस्कार में शामिल होने दयाराम की पत्नी आरती (31) अपनी 12 साल की बेटी तनु के साथ सकरस आईं थीं। दोपहर 1:15 बजे आरती किसी काम से छत पर गईं। उनके साथ बेटी तनु भी थी। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन टूटकर गिर गई। तनु उसकी चपेट में आकर छटपटाने लगी। आरती बचाने के लिए दौड़ीं तो वह भी करंट की चपेट में आ गईं। मां-बेटी दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीण और परिजन कार्रवाई के साथ मुआवजे की मांग करने लगे। उनका आरोप है कि जर्जर बिजली लाइन को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन जिम्मेदारों ने उसे नजरअंदाज कर दिया। ग्रामीणों ने लाइनमैन ओमप्रकाश पर लाइन ठीक करने के लिए रुपये मांगने का आरोप भी लगाया। ग्रामीणों की मांग पर एसडीई प्रेमचंद्र यादव ने लाइनमैन को निलंबित कर दिया। एसडीएम रत्निका श्रीवास्तव ने मुआवजे का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने मां-बेटी का शव छत से उतारने दिया। संवाद