सिविल लाइंस स्थित जिस अल्टीमेट फिटनेस जिम में प्री-वर्कआउट ड्रिंक में महिलाओं को नशा देकर यौन शोषण किया जा रहा था, वह एक जनप्रतिनिधि के भाई के भवन में संचालित है। जांच में चीजें स्पष्ट हो चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदार कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। जनप्रतिनिधि के भाई ने इस काॅमर्शियल भवन का निर्माण कराने के बाद किराये पर उठा दिया है। इधर, आरोपी जिम संचालक अकरम और उसके भाई आलम के मोबाइल फोन से बड़े घरों की कई महिलाओं के वीडियो भी मिले हैं।
एक महिला डाॅक्टर ने नशा देकर यौन शोषण करने, वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देकर 50 लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए जिम संचालकों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने अकरम और आलम को गिरफ्तार कर मंगलवार को कोर्ट में पेश किया। उनको वहां से जेल भेज दिया गया था। दोनों भाइयों के मोबाइल फोन कब्जे में ले लिए थे।
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि जिम में दोनों भाइयों ने खुफिया कैमरे लगा रखे थे। इन कैमरों के जरिये भी वे महिलाओं के वीडियो बनाने के बाद उनको पेन ड्राइव और मोबाइल फोन में ले लिया करते थे। इनके जरिये भी महिलाओं को ब्लैकमेल करते थे।
वर्जन
आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। जांच की जा रही है। दोनों के मोबाइल फोन में कुछ अन्य महिलाओं के भी वीडियो मिले हैं। इस रैकेट में शामिल अन्य आरोपियों को भी ट्रेस किया जा रहा है। - आशुतोष शिवम, सीओ प्रथम