बरेली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू होने से मुस्लिम महिलाओं को हलाला, तीन तलाक, बहु विवाह, बाल विवाह जैसी कुरीतियों से मुक्ति मिली है। यह किसी धर्म या पंथ के खिलाफ नहीं है। सामाजिक कुप्रथाओं को मिटाकर नागरिकों के बीच समानता और समरसता स्थापित करने के लिए इसे लागू किया गया है। सीएम सोमवार को इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि यूसीसी लागू करते वक्त हमें तमाम विरोध झेलना पड़ा, पर अब मुस्लिम महिलाएं आभार जताती हैं। इससे उत्तराधिकार और संपत्ति के अधिकार में भेदभाव नहीं होगा। न्यायिक प्रक्रिया सरल होगी, न्यायालयों का बोझ घटेगा। दुनिया के विकसित देशों और मुस्लिम राष्ट्रों में भी यूसीसी लागू है।
सहमति संबंध का पंजीकरण जरूरीसीएम धामी ने कहा कि लिव इन रिलेशनशिप (सहमति संबंध) कानून बनाने का उद्देश्य बहन-बेटियों को सुरक्षा प्रदान करना है। बच्चे कहां और किसके साथ हैं? माता-पिता को इसकी जानकारी नहीं होती। साथ में रहने के दौरान जब संबंध बिगड़ने लगते हैं तो हिंसा, हत्या, मुकदमेबाजी होती है। दिल्ली में साथ रह रहे आफताब ने श्रद्धा के टुकड़े-टुकड़े कर दिए थे। सोशल प्लेटफाॅर्म से परिजनों को इसका पता चला। इस कानून के लागू होने से कोई हैवान दोबारा ऐसी हरकत नहीं कर सकेगा। इस कानून से पुरुषों को भी राहत मिलेगी। इस संबंध से जन्म लेने वाले बच्चों का अधिकार भी सुरक्षित होगा।
संविधान निर्माताओं को दी सच्ची श्रद्धांजलि
सीएम ने कहा कि जनसंघ के समय से ही यूसीसी हमारा प्रमुख मुद्दा रहा। संविधान निर्माताओं ने भी इसे नीति निर्देशक तत्वों में शामिल किया था। उत्तराखंड में सबसे पहले यूसीसी लागू कर हमने उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी है। इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति एवं बरेली के मेयर उमेश गौतम ने उम्मीद जताई कि दूसरे राज्य भी उत्तराखंड का अनुसरण करते हुए यूसीसी लागू करेंगे। कार्यकारी निदेशक पार्थ गौतम ने इस कानून से युवाओं को प्रेरणा लेने का सुझाव दिया। उप्र के वन राज्य मंत्री डॉ. अरुण कुमार, एमएलसी अशोक कटारिया, भाजपा ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य और प्रो. हरिवंश दीक्षित ने भी विचार साझा किए। इस मौके पर यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. वाईडीएस आर्य, रजिस्ट्रार संतोष कुमार, सांसद छत्रपाल गंगवार, विधायक प्रो. श्यामबिहारी लाल, डीसी वर्मा, एमपी आर्य, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, बहोरन लाल मौर्य आदि मौजूद रहे।
उद्यमियों, व्यापारियों, चिकित्सकों ने किया अभिनंदन
चैंबर ऑफ कॉमर्स से राजेश गुप्ता, सीए राजेन विद्यार्थी, रोहिलखंड मैनेजमेंट एसोसिएशन से मनीष शर्मा, आईएमए से डॉ. आरके सिंह, डॉ. विमल भारद्वाज, डॉ. प्रमेंद्र माहेश्वरी, डॉ. विनोद पागरानी, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल से अनिल अग्रवाल, जसमीत सिंह बग्गा, उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल से शोभित सक्सेना, राष्ट्र जागरण उद्योग व्यापार मंडल से विशाल मेहरोत्रा समेत उत्तरायणी जनकल्याण समिति, ब्राह्मण महासभा, इंजीनियर्स इंस्टीट्यूट के पदाधिकारियों ने भी सीएम का स्वागत और अभिनंदन किया। ब्यूरो