शाहजहांपुर। तिलहर क्षेत्र में बारिश के बाद उफनाई गर्रा नदी में पैर फिसलने से एक युवक की डूबकर मौत हो गई। वहीं मिर्जापुर इलाके में धान की फसल देखने गया युवक बाढ़ के पानी में डूब गया। इन इलाकों के बाढ़ से घिरे होने के कारण बमुश्किल मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव ढुंढवाकर परिजनों के सुपुर्द किए।
तिलहर थाना क्षेत्र के गांव धन्योरा का निवासी विकास उर्फ कुणाल (18) शुक्रवार सुबह 10 बजे भैंस के लिए चारा लेने गया था। वापस आते वक्त गांव के पास गर्रा नदी के पानी में उसका पैर फिसल गया। गहराई में जाने के कारण वह बह गया। उसके साथी सुनील ने शोर मचाया तो आसपास के लोग पहुंचे मगर उसे बचा नहीं सके। गोताखोरों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद नदी से विकास का शव निकाला।
जलालाबाद के थाना क्षेत्र मिर्जापुर के गांव रामपुर ढका दांडी निवासी अमित (23) सुबह धान की फसल देखने के लिए निकला था। गांव के पास रामगंगा की बाढ़ के पानी में वह डूब गया। कई घंटे बाद जब ग्रामीण वहां पहुंचे तो उन्हें शव उतराता दिखा। दोनों घटनास्थलों पर पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने भी मौका मुआयना किया।