बरेली। शहर के कुछ नामी स्कूल भी अनधिकृत स्कूल वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। बुधवार को दूसरे दिन भी परिवहन विभाग की टीम ने पीलीभीत रोड पर स्कूल वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान 20 से ज्यादा स्कूल वाहनों की जांच कर 11 के खिलाफ कार्रवाई की गई।
सोमवार को बदायूं में स्कूल बस और वैन की भिड़ंत में चार बच्चों समेत पांच लोगों की मौत के बाद भी बरेली के स्कूल संचालक नहीं चेते। मंगलवार को अभियान के दौरान यहां अनधिकृत रूप से संचालित दो स्कूल बसों समेत 10 वाहनों को सीज किया गया था। बुधवार को भी स्कूल संचालकों की मनमानी जारी रही। एआरटीओ प्रवर्तन ने बुधवार को चेकिंग के दौरान आठ स्कूल वैन, एक ऑटो का चालान किया। अनधिकृत दो स्कूल वैन को सीज किया गया। अभियान के दौरान रेड रोज पब्लिक स्कूल, बीबीएल पब्लिक स्कूल और पद्मावती पब्लिक स्कूल के वाहनों पर कार्रवाई की गई। एआरटीओ जेपी गुप्ता जेपी गुप्ता ने बताया कि सभी स्कूल संचालकों को नोटिस भेजा गया है।