भोट (रामपुर)। नैनीताल हाईवे पर दो ट्रक टकरा गए। इस हादसे में एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। बरेली जनपद के सीबीगंज थाना क्षेत्र के परसाखेड़ा गांव निवासी अमित कुमार सीबीगंज स्थित एक कोल्ड ड्रिंक की फैक्टरी में ट्रक चालक थे। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब दो बजे वह ट्रक में कोल्ड ड्रिंक भर कर उत्तराखंड के किच्छा से मुरादाबाद जा रहे थे। नैनीताल हाईवे पर थुनापुर गांव के पास पहुंचते ही उनके आगे चल रहे ट्रक चालक ने खौद मार्ग की ओर जाने वाले कट पर मुड़ने के लिए अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया। इससे पीछे चल रहा कोल्ड ड्रिंक भरा ट्रक उससे टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक अमित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे ट्रक का चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए जिला चिकित्सालय भिजवा दिया। थानाध्यक्ष अमर सिंह राठौर ने बताया कि बरेली निवासी ट्रक चालक के शव को पोस्टमाॅर्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। संवाद