बीओबी शाखा स्थानांतरण का आदेश वापस न लेने पर खाता धारकों ने खाता बंद करने की दी धमकी।
फरीदपुर। गांव भगवंतापुर में बैंक ऑफ बड़ौदा के स्थानांतरण न रोकने पर करीब दो हजार ग्राहकों ने खाता बंद कराने की धमकी दी है।
क्षेत्र के भगवंतापुर गांव में बैंक आफ बड़ौदा की शाखा वर्ष 1989 में खोली गई थी। इसमें गांव व आसपास के लगभग 30 हजार खाते शाखा में खोले गए हैं। भगवंतापुर की आबादी भी लगभग 20 हजार है। गांव के कई लोग ऐसे हैं, जो दूसरे देशों में रहकर काम करते हैं। उनके पैसे भी उनके बच्चों के खातों में ही आते हैं। जैसे ही खाताधारकों को पता चला कि बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा भगवंतापुर से हटकर तीन किलोमीटर दूर गांव मेहतपुर तेजा सिंह में स्थानांतरित की जा रही है। इस पर रोक लगाने के लिए एक हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक को सौंपा गया। साथ ही कहा गया कि उनकी बातों न माना गया तो वे अपने दो हजार खाते बंद करवा देंगे।