आंवला। गोली लगने से घायल व्यापारी-संवाद
बरेली के निजी अस्पताल में कराया भर्ती, हालत खतरे से बाहर, रिपोर्ट दर्ज
आंवला। मोहल्ले के एक बंद मकान में बृहस्पतिवार की देर रात चोरी करते समय रोका तो चोरों ने व्यापारी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आवाज सुनकर बाहर आए लोगों को देखकर चोर फरार हो गए। व्यापारी को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है। मकानमालिक की तहरीर पर पुलिस ने चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला अनुपुरा निवासी सलिकराम मौर्य ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उनका मोहल्ला कच्चा कटरा इफको कॉलोनी निकट रामलीला गेट स्थित दूसरा मकान है, जिसमें कोई नहीं रहता है। मकान में ताले पड़े हुए हैं। बृहस्पतिवार की रात अज्ञात चोर मकान के ताले तोड़ रहे थे तो पड़ोसी श्रीकांत मराठा जाग गए। उन्होंने चोरों को ललकारा। इस पर अज्ञात चोरों ने उनको गोली मार दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों के अनुसार तीन चोर इस वारदात में शामिल हैं। हालांकि पीड़ित व्यापारी की तरफ से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। संवाद