रुहेलखंड विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। बरेली कॉलेज में शनिवार को अंग्रेजी की परीक्षा के दौरान एक परीक्षार्थी को 11 नकल की पर्चियों के साथ पकड़ा गया। इसके अलावा एक और छात्र जूते में पर्चियां छिपाकर लाया था। कॉलेज प्रशासन ने दोनों परीक्षार्थियों के खिलाफ अनफेयर मीन्स एंड मिसकंडक्ट (यूएफएम) दर्ज किया है।
चीफ प्रॉक्टर इंदीवर सिंह ने बताया कि सुबह की पाली में बीए का एक व्यक्तिगत परीक्षार्थी अंग्रेजी की परीक्षा दे रहा था। जांच के दौरान उसके जूते से 11 नकल की पर्चियां बरामद हुईं। इसके बाद सचल दल ने बीबीए विभाग के पास एक और परीक्षार्थी को नकल पर्ची के साथ पकड़ा। दोनों मामलों में यूएफएम की कार्रवाई की गई है। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी सुधीर सिंह ने भी बरेली कॉलेज में परीक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्षिक परीक्षाओं की व्यवस्थाओं के लिए कॉलेज के शिक्षकों की सराहना की।
2921 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा-
शनिवार को कुल 2921 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। प्रथम पाली में कुल 1664 में से 57 अनुपस्थित रहे। इस पाली में 1607 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। दूसरी पाली में लगभग पांच सौ परीक्षार्थी शामिल हुए। वहीं, तीसरी पाली में 826 में से 814 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।