मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर ओरछी चौराहे से कुछ दूर शनिवार तड़के दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं, जिसमें दोनों बाइक चालकों की मौत हो गई जबकि एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पहले घायल बालक को जिला अस्पताल भेजा, फिर मृतकों के परिवार वालों को सूचना दी। हादसे के दौरान दोनों बाइक चालक हेलमेट लगाए हुए थे।
हादसा शनिवार सुबह करीब पौने सात बजे हुआ। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गुलड़िया निवासी छात्र दीपेंद्र (18) पुत्र मुकेश बाइक से चंदौसी के एसएम डिग्री कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष की परीक्षा देने जा रहा था। उसकी बाइक ओरछी चौराहे से आगे आरसी फ्रूट फैक्टरी के सामने पहुंची। उसी समय सामने से चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मई निवासी रफीदीन (55) अपने नवासे कमर आलम (9) पुत्र रफीक के साथ बाइक से दूनपुर गांव आ रहे थे। फ्रूट फैक्टरी के सामने पहुंचते ही दोनों की बाइक आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में रफीदीन का हेलमेट चकनाचूर हो गया और वह नवासे के साथ सड़क पर जा गिरे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना जबरदस्त था कि दीपेंद्र भी काफी ऊंचा उछल गया। इससे दीपेंद्र के साथ-साथ रफीदीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कमर आलम गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों की बाइक भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर फैजगंज बेहटा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल बालक को जिला अस्पताल भेज दिया, जहां उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही दोनों बाइक सवारों के परिवार में कोहराम मच गया। वह रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए।
मां-बाप का इकलौता बेटा था दीपेंद्र
गुलड़िया निवासी मुकेश सीआरपीएफ में हैं। चार दिन पहले ही वह अपनी भतीजी की शादी में छुट्टी लेकर घर आए थे। दीपेंद्र उनका इकलौता बेटा था। वह एसएम डिग्री कॉलेज चंदौसी में बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र था। मुकेश की दो बेटियां हैं। इस हादसे से उनका परिवार टूट गया है।
...तो ओवरटेक में गईं दो जान
दीपेंद्र के परिवार वालों की माने तो हादसे के दौरान दीपेंद्र अपनी साइड में था। दूसरी बाइक पर सवार रफीदीन ने किसी वाहन से ओवरटेक किया, जिससे दोनों बाइक टकरा गईं और रफीदीन गलत साइड में आ गिरे। दोनों बाइक और मृतक एक ही साइड में पड़े मिले।