आंवला। एसडीएम कोर्ट परिसर बृहस्पतिवार को लड़ाई का मैदान बन गया। जमीन के विवाद के मामले में तारीख पर आए दो गुट परिसर में ही भिड़ गए। दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं के बीच भी जमकर लाठी-डंडे व कुर्सियां चलीं। मारपीट में चार अधिवक्ताओं सहित आठ लोग घायल हो गए। घटना सीसीटीवी में भी रिकॉर्ड हुई है।
वायरल वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। मारपीट के दौरान एक पक्ष ने कोर्ट परिसर में लोगों के बैठने के लिए रखी बेंच भी मारने के लिए उठा ली। जानकारी पर पहुंचे अधिवक्ताओं ने दोनों पक्षों को शांत कराया। दो महिलाओं को भी चोटें आई हैं। मारपीट के बाद दोनों पक्ष अधिवक्ताओं के साथ थाने पहुंचे। यहां भी उन्होंने एक-दूसरे पर आरोप लगाए।
थाना पुलिस ने घायल अधिवक्ताओं सहित सभी आठ लोगों को मेडिकल के लिए सीएचसी भेज दिया। घायल अधिवक्ताओं में एक भाजपा संगठन के पदाधिकारी भी हैं। जानकारी पर पूर्व चेयरमैन संजीव सक्सेना सहित अन्य भाजपाई घायल अधिवक्ता का हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे। इंस्पेक्टर सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।