बरेली। बरेली कॉलेज में शुक्रवार शाम को दो पक्षों में जमकर हाथापाई हो गई। पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में ले लिया है।
कॉलेज गेट से विद्यार्थी परीक्षा देकर बाहर आ रहे थे। गेट पर फोटोकॉपी स्टाॅल संचालक और कॉपी कराने आए युवक में पैसों को लेकर बहस हो गई। विवाद बढ़ा तो दोनों में मारपीट होने लगी। पास में चाय की दुकान पर खड़े अन्य युवक कुर्सी-स्टूल लेकर दूसरे पक्ष पर हमला करने दौड़े। सोशल मीडिया पर वायरल घटना के वीडियो में कुछ युवक स्टूल लेकर भागते दिख रहे हैं। सुरक्षाकर्मियों ने चीफ प्रॉक्टर प्रो. आलोक खरे और पुलिस को सूचना दी। थाना बारादरी के इंस्पेक्टर अमित पांडे ने बताया कि तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
बिना अनुमति के लगाईं मशीनें, कैमरे भी तोड़े
कॉलेज गेट पर लगा सीसीटीवी उखड़ा मिला। चीफ प्रॉक्टर ने बताया कि कई बार कैमरे ठीक करवाए गए हैं, लेकिन शरारतीतत्व इन्हें तोड़ देते हैं और तार भी काट देते हैं। बाइक सवार दिनभर बेरोकटोक घूमते रहते हैं। कई लोगों ने बिना अनुमति के गेट के पास कुर्सी-मेज डालकर फोटोकॉपी मशीन लगा रखी हैं। पास मेें बियर की कैन भी मिली हैं। अंदेशा है कि सीसीटीवी न होने का फायदा उठाते हुए लोग शराब-बियर भी बीते हैं।
घटना की जानकारी पुलिस को दी है। कैमरे न होने से रिकॉर्डिंग न हो सकी है। नगर निगम को पिछले दिनों गेट से अतिक्रमण हटाने के लिए पत्र लिखा था। इस पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। -प्रो. आलोक खरे, चीफ प्रॉक्टर, बरेली कॉलेज