बरेली। 21 महीने पहले रुपये जमा करने के बाद भी दो एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर के लिए बिजली कनेक्शन अब तक नहीं मिल पाया है। इसके चलते शहर को कूड़ा मुक्त बनाने में परेशानी आ रही है। नगर निगम के एक्सईएन राजीव कुमार राठी ने अधिशासी अभियंता (विद्युत नगरीय वितरण खंड-चतुर्थ) को पत्र लिखकर तुरंत कनेक्शन देने के लिए कहा है।
नगर निगम ने सिठौरा पानी की टंकी, मिनी बाइपास स्थित बस स्टैंड और डेलापीर मंडी के पास स्थित नवनिर्मित एमआरएफ सेंटरों में बिजली कनेक्शन के लिए 14 मार्च 2024 को ही 1,57,228 रुपये की धनराशि जमा कर दी थी। विद्युत निगम ने डेलापीर मंडी के पास स्थित सेंटर को तो कनेक्शन दे दिया, अन्य दो जगहों पर अब तक कार्यवाही पूरी नहीं हुई है।
प्रभारी अधिकारी ने पत्र में स्पष्ट किया है कि शासन स्तर से डेडिकेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से इन सेंटरों के रखरखाव की हर महीने दो बार मॉनिटरिंग की जा रही है। बिजली न होने के कारण इन सेंटरों का संचालन नहीं हो पा रहा है, जिससे शासन की बैठकों में नगर निगम की छवि धूमिल हो रही है।