बरेली। अब सैंपल के अनुपात में संक्रमित मिलने का औसत घटने लगा है। दो दिनों में करीब छह हजार सैंपल में ढाई सौ लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। गुरुवार को दो और संक्रमितों की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 128 हो गई है। जिला सर्विलांस अधिकारी के मुताबिक, नवादा की रहने वाली 36 वर्षीय युवती बीते दिनों संक्रमित मिली थी। उसे कोविड एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं, साहूकारा के 72 वर्षीय बुजुर्ग को आठ-दस दिनों से बुखार की शिकायत थी। संक्रमण की पुष्टि होने पर उन्हें भी कोविड एल-2 में भर्ती कराया था। दोनों की गुरुवार को मौत हो गई। इधर, 107 नए संक्रमित मिले हैं। इनमें भाजपा महानगर अध्यक्ष और आईटीबीपी का जवान भी शामिल है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष के संक्रमित मिलने से कार्यकर्ताओं में हड़कंप
बरेली। भाजपा महानगर अध्यक्ष में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। उनके संपर्क में रहे कार्यकर्ताओं में खलबली मची है। सर्विलांस टीम भाजपा महानगर के संपर्क में आए लोगों के साथ ही इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि वह पिछले दिनों में पार्टी के किस-किस कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। संपर्क में आए सभी लोगों के सैंपल लेकर उनकी जांच कराई जाएगी। इनके अलावा आईटीबीपी का एक जवान, कर्मचारी राज्य बीमा अस्पताल के चार कर्मी शामिल हैं। अरविंदनगर, फतेहगंज पूर्वी, कालीबाड़ी, चनहेटा में एक-एक संक्रमित मिला है। मेवात में चार, शिवपुरी में एक, स्टेशन रोड पर दो संक्रमित मिले हैं। कर्मचारीनगर में चार, वर्कशॉप में दो, रोड नंबर पांच, सीबीगंज, ग्रीन पार्क में दो, सुरेश शर्मा नगर में एक, सिविल लाइंस में दो, राजेंद्रनगर, कटरा चांद खां, संजयनगर, भूड़ लाल मंदिर, लखनपुरी बहेड़ी में एक-एक, मॉडल टाउन, अचार फैक्टरी गली में दो, सुभाषनगर में पांच, शुगर फैक्ट्री वाली गली, चौधरी मोहल्ला सिटी, टांडा चौबारी में एक-एक संक्रमित मिले हैं। फतेहगंज, वंशी नगला, रामपुर गार्डन, मझगवां, मोहल्ला पारा, बिथरी चैनपुर किशोरा, बीसलपुर रोड फरीदपुर, एफसीआई कॉलोनी डेलापीर, देवचरा, स्टेशन रोड फतेहगंज पूर्वी, कोविड एल-2 में चार, अधकटा, जेल रोड, बीसलपुर, करगैना, शिव स्टेट, एमपीडीसीएच, सिविल लाइंस निजी अस्पताल, हरुनगला, रोहली टोला, नबाबगंज पुलिस थाना, महानगर, लाल फाटक, शेरगढ़, शास्त्री नगर, गणेश नगर, ख्वाजा कुतुब, बिहारीपुर में भी संक्रमित मिले हैं।
दिल्ली के चार, उत्तराखंड के तीन लोग संक्रमित मिले
गुरुवार को मिली जांच रिपोर्ट में नई दिल्ली के करोल बाग की गली नंबर एक के चार लोग संक्रमित मिले हैं। चारों एक ही परिवार के हैं। उनको आइसोलेट कर दिया गया है। उत्तराखंड के हल्द्वानी के तीन लोग और पीलीभीत का एक युवक संक्रमित मिला है। ये सभी लोग किसी काम से बरेली आए थे। तबीयत खराब होने पर जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। संबंधित जिला प्रशासन और सीएमओ को इसकी सूचना दे दी गई है।
तीन सौ बेड अस्पताल में लगा सेंट्रल मॉनिटरिंग सिस्टम
बरेली। मुख्यमंत्री के निर्देश पर तीन सौ बेड अस्पताल को कोविड एल-2 अस्पताल बनाने की कवायद तेजी से चल रही है। सीएमएस डॉ. वागीश वैश्य के मुताबिक गुरुवार को आईसीयू में लग रहे 14 वेंटिलेटर बेड की मॉनिटरिंग के लिए सेंट्रल मॉनिटरिंग सिस्टम लगाने का काम पूरा हो गया है। इसके अलावा अस्पताल के अन्य वार्डों की छिटपुट कमियों को भी दूर किया जा रहा है। दो से तीन दिन में अस्पताल में तैयारियां पूरी होने की उम्मीद है। ब्यूरो