फरीदपुर थाने में धोखाधड़ी की एक और रिपोर्ट
फरीदपुर क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे के किनारे स्थित अंधरपुरा गांव में कैनविज कॉलोनी में प्लॉट देने के नाम पर धोखाधड़ी कर ली गई। करीब 22.75 लाख रुपये हड़पने के मामले में कन्हैया गुलाटी के खिलाफ फरीदपुर थाने में एक और रिपोर्ट दर्ज की गई है। बरेली के कूर्मांचल नगर की डॉ. वीना रानी अग्रवाल ने एसएसपी अनुराग आर्य को बताया कि उन्होंने कैनविज इन्फ्रास्ट्रक्चर कंपनी के मालिक कन्हैया गुलाटी की कैनविज कॉलोनी में वर्ष 2014 में 22.75 लाख रुपये से दो प्लॉट खरीदे थे।
कन्हैया व उसके साथियों ने कॉलोनी में अस्पताल, पार्क और स्कूल वाला मानचित्र दिखाया था। उन्होंने दो प्लॉटों की रजिस्टर्ड सेल डीड भी कराई। धोखाधड़ी कर उसने प्लॉट बिक्री के नाम पर रुपये ठग लिए। 11 वर्ष बीतने के बाद भी अब तक उन्हें न तो प्लॉट दिया, न ही रुपये लौटाए। एसएसपी के आदेश पर फरीदपुर पुलिस ने आरोपी कन्हैया गुलाटी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।