बरेली। देवरनियां थाना पुलिस ने शनिवार रात सराफ से लूटपाट करने के दो आरोपियों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। फायरिंग में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, वहीं एक सिपाही भी घायल हुआ है। पूछताछ में दोनों ने 15 जुलाई को देवरनियां थाना क्षेत्र के बंजरिया जागीर और कुआंडांडा के बीच सराफा व्यापारी विनोद कुमार रस्तोगी से लूट करने की वारदात कबूल कर ली है। आरोपी मामा-भांजे हैं। उनके पास से लूट के जेवर, नकदी और चोरी की बाइक बरामद हुई है।
मुठभेड़ रहपुरा घनश्याम गांव के पास नहर पटरी पर हुई। पुलिस के मुताबिक, शनिवार देर रात चेकिंग के दौरान अपाचे बाइक पर सवार दो लोग आते दिखे। रोकने पर उन्होंने फायरिंग कर दी और बाइक की गति तेज कर भागने लगे। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं, इसमें दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए।
पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम दिनेश निवासी बुझिया सुमाली, थाना भोजीपुरा और शिवम निवासी गुलड़िया, थाना मीरगंज बताए। दिनेश ने बताया कि शिवम उसका भांजा है। इनके पास से दो तमंचे, चार कारतूस, 50 हजार रुपये कीमत के चांदी के आभूषण, 30 हजार रुपये नकद और लूट में इस्तेमाल की गई चोरी की अपाचे बाइक बरामद हुई है। ब्यूरो
-
हो सकती है गैंगस्टर की कार्रवाई
सीओ बहेड़ी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में घायल कांस्टेबल नितिश और दोनों बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों बदमाशों पर पहले से भी मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। मुकदमों का रिकार्ड देखकर इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।