बरेली। बारादरी पुलिस ने बाइक पर असलहे लेकर जाते समय दो बदमाशों को रोका तो उन्होंने फायरिंग कर दी। दोनों के पास से तमंचा और चाकू बरामद किया गया है। जांच में पता चला कि बाइक भी चोरी की है। दोनों आरोपियों को जेल भेजा गया है।
जगतपुर चौकी प्रभारी सनी चौधरी और गौरव अत्री ने बताया कि वे पुलिस टीम के साथ शनिवार रात दिव्यानी बरातघर के सामने वाहन चेकिंग कर रहे थे। सेटेलाइट की तरफ से आ रहे बाइक सवार दो लोगों को संदेह के आधार पर रुकने का इशारा किया।
बाइक सवार गली में बाइक मोड़कर भागने की कोशिश में फिसलकर गिर गए। इसके बाद दोनों बाइक छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो एक बदमाश ने तमंचे से गोली चला दी। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में एक आरोपी ने अपना नाम उत्तराखंड के जिला ऊधम सिंह नगर के थाना बाजपुर निवासी सोनू उर्फ सतेंद्रपाल सिंह बताया। सोनू के पास से एक तमंचा, दो कारतूस बरामद हुए। दूसरे ने अपना नाम दीपक सिंह उर्फ विक्की निवासी जिला रामपुर थाना बिलासपुर बताया। दीपक के पास से चाकू बरामद हुआ। ब्यूरो