कटरा। दावत खाकर घर लौट रहे बाइक सवार दो युवकों को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। उनके परिवार वालों के मौके पर पहुंचने से पहले ही पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भिजवाए दिए। इससे गुस्साए लोगों ने हंगामा कर कटरा-जलालाबाद स्टेट हाईवे पर जाम लगा दिया।
कटरा के मोहल्ला बिल्लीगंज निवासी 32 वर्षीय सचिन गंगवार और मोहल्ला तहबरगंज निवासी 30 वर्षीय सुभाष गंगवार शुक्रवार रात कहीं से दावत खाकर घर लौट रहे। रात करीब 11 बजे कटरा-जलालाबाद स्टेट हाईवे पर अज्ञात वाहन ने उनको कुचल दिया। जेब से मिले मोबाइल से नंबर लेकर पुलिस ने उनके परिजन को सूचित किया। मगर वे लोग घटनास्थल पर पहुंचते, उससे पहले ही पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिए। मौके पर पहुंचे परिवार वालों को जब यह जानकारी मिली तो वे लोग आक्रोशित हो गए और हंगामा करते हुए कटरा-जलालाबाद स्टेट हाईवे पर जाम लगा। इससे वहां अफरातफरी की स्थिति बन गई और कुछ ही देर में दोनों से वाहनों की कतार लग गई। इसके बाद पुलिस वालों ने घरवालों को समझाया तो देर रात बमुश्किल जाम खोला गया।