बरेली। संविदा कर्मी की करंट से मौत के मामले की जांच के लिए अधीक्षण अभियंता ने दो सदस्यीय समिति गठित की है। इसमें एक्सईएन प्रथम व द्वितीय शामिल हैं। यह समिति जांच कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देगी। मामले में जेई, एसडीई और एसएसओ पर लापरवाही के आरोप हैं।
रिठौरा उपकेंद्र पर तैनात संविदा कर्मी सुरेश की शनिवार को करंट लगने से मौत हो गई थी। वह शनिवार को शटडाउन लेकर एयरपोर्ट फीडर की मरम्मत कर रहे थे। इसी दौरान आपूर्ति चालू कर दी गई। इससे सुरेश की जान चली गई थी। परिजनों और गांव के लोगों ने हंगामा किया था। एसडीई, जेई और एसएसओ पर लापरवाही का आरोप लगाया था। रविवार को सुरेश के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इससे पहले 19 अप्रैल को डोहरा मोड़ पर लाइन ठीक करते समय लाइनमैन कृष्णपाल की मौत हो गई थी। अधीक्षण अभियंता अशोक चौरसिया ने बताया कि एक सप्ताह में जांच पूरी हो जएगी। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पत्नी ने एसडीई के खिलाफ दी तहरीर
संविदा कर्मी सुरेश की पत्नी जमुना देवी ने एसडीई रिठौरा विपुल शुक्ला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए इज्जतनगर थाने में तहरीर दी है। आरोप लगाया गया है कि एसडीई के आदेश पर ही सुरेश लाइन ठीक करने गए थे। शटडाउन लिया गया था, लेकिन पांच मिनट बाद ही बिना बताए आपूर्ति चालू कर दी गई। इससे उनके पति की जान चली गई। इंस्पेक्टर जयशंकर सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।
गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार
पोस्टमार्टम के बाद लाइनमैन का शव रविवार को घर पहुंचा तो वहां चीत्कार मच गया। गमगीन माहौल में 10 वर्षीय बेटे रवि यादव ने पिता को मुखाग्नि दी।