बरेली/भोजीपुरा। भोजीपुरा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग हादसों में बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई। गांव बिलवा निवासी ई-रिक्शा चालक राजू (42) की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि वह शुक्रवार शाम ई-रिक्शा लेकर चुरहा गांव में अपने भतीजे अर्जुन की शादी शामिल होने गए थे। शादी में शामिल होकर वह लौट रहे थे तभी नंदगांव के पास ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। इसमें राजू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि ई-रिक्शा में बैठे अंकित और ताराचंद गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इधर, रामपुर के मिलक के गांव जगतपुर निवासी ओमप्रकाश मौर्य अपनी पत्नी काजल और एक वर्ष की बेटी लाव्या के साथ देवरनिया के गांव बसुधरन जागीर में गए थे। वहां से बाइक पर घर लौट रहे थे। रास्ते में इटौआ मोड़ के सामने नैनीताल मार्ग पर गन्ने से भरे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने टक्कर मार दी। इससे बेटी लाव्या सड़क पर गिरी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर छोड़कर चालक फरार हो गया। ओमप्रकाश मौर्य की तहरीर पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक कपिल निवासी अख्तियारपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।