बरेली। कोरोना का संक्रमण धीरे-धीरे कम होता प्रतीत हो रहा है, मगर सेना में अब भी संक्रमण के मामले सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, एयरफोर्स, सेना, आईटीबीपी में फिर जवान संक्रमित मिले हैं। जिला जेल में एक, सेंट्रल जेल में दो लोगों में संक्रमण मिला है।
सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ल के मुताबिक, रविवार को एनएमसी रेलवे कॉलोनी, पखुरनी, सूरजपुर क्योलडिया, गुलपुरा, राम वाटिका, बिहार कलां में एक संक्रमित मिले हैं। शास्त्री नगर में तीन, बड़ी विहार, देवचरा, हुसैनपुर, साहूकारा, ट्यूलिया, बन्नूवाल कॉलोनी, कचहरी, साहूकारा फरीदपुर, बीओबी, नॉर्थ सिटी, सिद्धार्थ नगर, मेगा ड्रीम होम, मोहनपुर, श्री नारायण आवास विकास, इंदिरा नगर, आजार नगर, किला, जिला जेल, उमंग पार्ट दो, सिविल लाइंस, प्रभात नगर, मेन ग्रीन पार्क, रेजीडेंसी गार्डन में एक-एक में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
स्वस्थ हुए संक्रमित, महिला सुरक्षा का दिया संदेश
बरेली। तीन सौ बेड कोविड चिकित्सालय में रविवार को स्वस्थ हुए पांच संक्रमितों ने स्टाफ के साथ मिलकर अनूठे तरीके से विदा ली। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से शुरू मिशन शक्ति के तहत कन्या, महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश दिया। इसके लिए पैरामेडिकल स्टाफ सुनैना ने महिला सशक्तिकरण के लिए पंक्तियां लिखीं। सीएमएस डॉ. वागीश वैश्य ने संक्रमितों को बुकें प्रदान किया। ब्यूरो
असहनीय दर्द होने पर एंबुलेंस में कराया प्रसव
बरेली। बिथरी के ग्राम भंडसर की गर्भवती अस्पताल ले जाते समय प्रसव पीड़ा होने पर दर्द से कराहने लगी। कहीं कोई अनहोनी न हो इसलिए एंबुलेंस में ही स्टाफ ने सुरक्षित प्रसव कराया। भंडसर के रहने वाले रामचंद्र की पत्नी प्रीती को रविवार सुबह प्रसव पीड़ा हुई। आशा की कॉल पर एंबुलेंस उसे लेने पहुंची। अस्पताल पहुंचने से कुछ दूर पहले ही प्रसव पीड़ा बढ़ गई। एंबुलेंस सड़क किनारे खड़ी कर एमटी अनिल कुमार ने आशा की मदद से सुरक्षित प्रसव कराया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों ने स्टाफ को शुभकामनाएं दी हैं। ब्यूरो
छह दिवसीय निशुल्क दंत परीक्षण शिविर
बरेली। जंक्शन रोड स्थित सरन अस्पताल में सोमवार 19 अक्तूबर से निशुल्क दंत परीक्षण शिविर लगाया जाएगा। वरिष्ठ दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. अनूप आर्या ने बताया कि शिविर में मरीजों के मुंह, दांतों की निशुल्क जांच और परामर्श दिया जाएगा। शिविर 24 अक्तूबर तक रोजाना सुबह दस से दोपहर दो बजे तक दंत रोग विभाग में लगेगा। ब्यूरो