कोरोना के खतरे के बीच मरीजों की देखरेख कर रहे डॉक्टरों, मेडिकल और पैरा मेडिकल स्टाफ को क्वारंटीन किया जाना है। डीएम ने आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए दो होटल और दो शैक्षिक संस्थाओं का अधिग्रहण कर लिया है।
क्वारंटाइन के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिथरी चैनपुर के स्टाफ ने होटल मानसरोवर और मंडलीय अपर निदेशक व प्रमुख अधीक्षक जिला संयुक्त चिकित्सालय ने होटल ओबराय की मांग की थी।
डीएम नितीश कुमार ने इन दोनों ही होटलों का अधिग्रहण करते हुए इसे डॉ. बागीश वैश्य एवं उनकी टीम की अभिरक्षा में दे दिया है। यहां सीओ सिटी प्रथम सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराएंगे।
इसके अलावा विभिन्न राज्य और जिले से आए लोगों को क्वारंटाइन रखने के लिए डीएम ने फ्यूचर इंस्टीट्यूट आफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी और डीपीएम का भी अधिग्रहण कर लिया है। फ्यूचर संस्था को एसडीएम और सीओ फरीदपुर और डीपीएस के लिए एसीएम तृतीय और सीओ नगर तृतीय की अभिरक्षा में दिया गया है।