आंवला। कार्यक्रम आयोजन स्थल को लेकर अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद व विश्व हिंदू परिषद कार्यकर्ता आमने सामने आ गए। दोनों के बीच जमकर कहासुनी के बाद धक्कामुक्की भी हुई। दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं के विवाद की सूचना पर पहुंचे एसडीएम, सीओ व कोतवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया।
अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद व राष्ट्रीय बजरंग दल के तत्वावधान में नगर में वीर हनुमान यात्रा निकाली जानी थी। इससे पहले विद्या भारती द्वारा संचालित सरस्वती विद्या मंदिर में संगठन की ओर से कार्यकर्ताओं की एक बैठक होनी थी। जिसको राष्ट्रीय बजरंग दल के अध्यक्ष मनोज सिंह को संबोधित करना था। पूर्व तय कार्यक्रम के अनुसार जैसे ही कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर जुटने लगे। उसी दौरान आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल एवं हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी भी वहां पहुंच गए।
दो घंटे तक बंद कमरे में चली वार्ता
दोनों संगठनों में हुए विवाद की सूचना पर पुलिस बल के साथ एसडीएम नहने राम, सीओ नीलेश मिश्र, कोतवाल कुंवर बहादुर सिंह, चौकी इंचार्ज सतीश कुमार मौके पर पहुंच गए। बाद में सभी संगठनों के जिम्मेदार पदाधिकारियों व प्रशासन के अधिकारियों के बीच बंद कमरे में दो घंटे तक चली वार्ता के बाद अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद व राष्ट्रीय बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक रूप से अपना कार्यक्रम करके नगर में यात्रा निकाली। इस दौरान सुनील गुप्ता, अनुपम शंखधार, रामवीर प्रजापति, विमल गुप्ता, आशीष पाठक, सोखी अग्रवाल, हरेंद्र जी, गौरवित खंडेलवाल, गवेंद्र सिंह, शक्ति सिंह, पं. अमित शर्मा आदि मौजूद रहे।
विवाद की सूचना पर मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाकर मामले को शांत करा दिया गया है।
- नहने राम, एसडीएम
अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद आरएसएस का आनुषांगिक संगठन नहीं है। विश्व हिंदू परिषद और अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद मिले-जुले नाम होने की वजह से समाज भ्रम में रहता है। कुछ दूषित मानसिकता के लोग, जो कि गलत कार्यों में संलिप्त है। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद से जुड़े हैं, जिसकी वजह से हिंदू संगठन बदनाम होते हैं। हम ऐसी मानसिकता रखने वाले लोगों को संघ के नाम का अथवा विद्यालयों का उपयोग नहीं होने देंगे।
- धर्मेन्द्र कुमार, जिला प्रचारक, आरएसएस
-
समाज को तोड़ने वाला कदम बताया
अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के प्रांतीय महामंत्री सुनील गुप्ता ने आरएसएस के जिला प्रचारक पर गंभीर आरोप लगाते हुए संगठन विरोधी व समाज को तोड़ने का कार्य करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि हमारे शीर्ष नेता प्रवीन भाई तोगड़िया अभी कुछ दिनों पहले नागपुर में आरएसएस के शस्त्र पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए थे। मोहन भागवत जी से भी मिले थे। बृहस्पतिवार को होने वाले कार्यक्रम की हमने विद्यालय प्रबंधन से इजाजत ली थी। मैं स्वयं विद्या भारती के मात्र संगठन शिक्षा परिषद का पदाधिकारी हूं। संवाद