बरेली के रुहेलखंड विश्वविद्यालय में ऑरा 2026 में डीजे नाइट के दौरान छात्रों में डांस के दौरान धक्का लगने से मारपीट हो गई। उसी रात एक गुट ने दूसरे गुट की बाइक तोड़ दी। जिसके बाद छात्रों ने चीफ प्रॉक्टर कार्यालय में शिकायत की। इस पर मारपीट करने वाले छात्रों को निलंबित कर 20 अप्रैल को माता-पिता के साथ उपस्थित होने के लिए आदेशित किया गया है।
अटल सभागार में पहली बार आयोजित हुई डीजे नाइट के दौरान इलेक्ट्रिकल कम्युनिकेशन के तृतीय वर्ष के छात्र राजशेखर शुक्ला का डांस करते वक्त मैकेनिकल के छात्र वैभव सिंह को धक्का लग गया। इस पर वैभव ने थप्पड़ जड़ दिया। इस दौरान राजशेखर शुक्ला के दोस्तों आलोक गोस्वामी, अतुल, राहुल, सुमित व मुकेश ने वैभव की पिटाई कर दी। सुरक्षा प्रभारी सुधांशु शर्मा ने पहुंचकर बीच बचाव किया।
पहले रात में फिर सुबह हुई मारपीट
घटना से बौखलाए वैभव व उसके दोस्त वेदांत, गणेश व मंगल सिंह ने बीडीए हॉस्टल में जाकर राजशेखर की बाइक में तोड़-फोड़ कर दी। फिर सुबह राजशेखर के दोस्त सुमित कुमार को बीडीए हॉस्टल के मेस में अकेला पाकर जमकर पिटाई की। इससे सुमित की आंखों के नीचे से खून निकलने लगा। इसके बाद राज व उसके दोस्तों ने चीफ प्रॉक्टर को शिकायती पत्र दिया। इस प्रकरण में चीफ प्रॉक्टर प्रो. रवेंद्र सिंह ने पांच सदस्यीय जांच समिति गठित कर मामले में जांच करने को कहा है।
शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि राजशेखर, मंगल सिंह व वैभव पहले भी गाली गलौज और मारपीट की कोशिश कर चुके हैं। इसलिए चीफ प्रॉक्टर ने इन तीनों को निलंबित कर दिया है, साथ ही विश्वविद्यालय में प्रवेश पर प्रतिबंधित भी किया है।