बरेली। जिले में स्वाइन फ्लू मरीजों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। शनिवार को दो बुजुर्ग महिलाओं की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने के बाद संख्या 36 पहुंच गई है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन के मुताबिक, रैपिड रिस्पॉन्स टीम मरीजों के घर पहुंचेगी।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, बहेड़ी की 83 वर्षीय और जखीरा की 75 वर्षीय महिलाओं की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों मरीजों की निगरानी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीजों के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाने के साथ उनकी जांच आदि की प्रक्रिया कर रही है। इससे पहले 28 सितंबर को सुभाषनगर के 74 वर्षीय बुजुर्ग पॉजिटिव मिले थे। सर्विलांस अधिकारी ने बुखार, खांसी, सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।