बरेली के फरीदपुर क्षेत्र में रविवार सुबह एक कार को पीछे से आई दूसरी कार से टक्कर लग गई। टक्कर के बाद दोनों कारें अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गईं। हादसे में दोनों कार के चालक घायल हो गए।
बरेली के फरीदपुर क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह हुए सड़क हादसे में दो कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। पचौमी द्वारिकेश शुगर मिल के पास तेज रफ्तार कार ने आगे चल रही कार को टक्कर मार दी। दोनों कारें डिवाइडर से टकराकर पलट गईं।
विज्ञापन
ग्राम पचौमी निवासी पपेंद्र सिंह ने बताया कि वह अपनी कार से खेत जा रहे थे। तभी पीछे से बरेली की तरफ से आ रही दिल्ली निवासी दीपक की तेज रफ्तार कार ने उनकी कार को टक्कर मार दी। बताया गया कि दीपक को अचानक झपकी आ गई थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारें डिवाइडर से टकराकर पलट गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से बरेली अस्पताल भिजवाया।
पुलिस की कार्रवाई
फरीदपुर सीओ संदीप सिंह ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। दोनों घायल चालकों को तुरंत बरेली अस्पताल भेजा गया। सीओ ने यह भी बताया कि घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मामले में तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।