आंवला। कस्बा स्थित सरगम टॉकीज के सामने मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार चार युवक घायल हो गए, जिनमें से दोनों बाइकों के चालकों को गंभीर चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, बिना नंबर प्लेट की नई बाइक पर चालक अभिनव त्रिपाठी व पीछे बरेली के सीबीगंज के प्रभात सिंह उर्फ राघव सवार थे। वहीं, दूसरी बाइक पर अबादानपुर निवासी चालक अंकित व पीछे मिर्जापुर निवासी टिंकू सवार थे। दोनों बाइकों की आपस में भिड़ंत हो गई। सूचना पर थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को सीएचसी भिजवाया। यहां दोनों बाइकों के चालकों अभिनव त्रिपाठी व अंकित को गंभीर चोटें आने के कारण सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। सीओ हेमंत उपाध्याय ने बताया कि घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। संवाद