मीरगंज। कस्बे से चोरी हुई ईको गाड़ी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की ईको, असली व फर्जी नंबर प्लेट, 12 बोर का तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ है। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए गाड़ी का चेसिस नंबर मिटाकर दूसरा नंबर डाल दिया था।
पुलिस के मुताबिक, कस्बा निवासी रिजवान की ईको गाड़ी तीन अक्तूबर की रात चोरी हो गई थी। छह को मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। 16-17 की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अपने अधीनस्थों के साथ सिरौली रोड स्थित दियोरिया अब्दुल्ला गंज मार्ग के पास से संभल निवासी आकिब (36) और बदायूं निवासी मुकर्रम (28) गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की बात स्वीकार की। पहचान छिपाने के लिए गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई थी, जबकि असली प्लेट पिछली सीट के नीचे छिपा रखी थी। पुलिस ने बताया कि आकिब के खिलाफ पहले भी चोरी के मामले दर्ज हैं। तमंचा बरामद होने पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट में भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने चोरी की ईको गाड़ी बरामद कर दो आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा है। संवाद