बरेली। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले दो आरोपियों को सुभाषनगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सुभाषनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि इंस्टाग्राम पर आहिल भाई अंसारी नाम की आईडी से संरक्षित पशु की हत्या को दर्शाया गया है। जांच के दौरान पता चला कि आईडी करगैना के मोहल्ला इमामबाड़ा निवासी तासीन की है। उसके साथ खड़ा हुआ व्यक्ति उसके मोहल्ले का ही ख्वाजा हसन है। दोनों को हिरासत में लेकर मोबाइल फोन चेक किया। आरोपियों ने बताया कि यह पुराना वीडियो है जो सोशल मीडिया पर चल रहा था। ईद के मौके पर उन्होंने स्टेटस लगा दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि थाना क्षेत्र में कहीं संरक्षित पशु की हत्या नहीं हुई है। दोनों आरोपियों के स्टेटस को डिलीट करा दिया गया है। मामले में कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।