बाइक से डोडा की डिलीवरी देने पीलीभीत के बरखेड़ा जा रहे थे आरोपी
बरेली। फरीदपुर निवासी तस्करी के दो आरोपी पीलीभीत के बरखेड़ा में डोडा छिलका की सप्लाई करने बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान बारादरी थाना पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद न्यायालय में पेश करके इन्हें जेल भेजा गया है। सीओ के सामने ली गई तलाशी में 20 किलो डोडा छिलका बरामद हुआ।
बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक लॉन के पास दबिश देकर दो बाइक सवार युवकों को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम फरीदपुर के गांव तुमड़िया निवासी वीरपाल और गोविंदापुर निवासी वीरेंद्र बताया। दोनों ने पुलिस को बताया कि उनके पास डोडा छिलका है। इसके बाद सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव को मौके पर बुलाकर दोनों के पास से 20.80 किलो डोडा छिलका बरामद किया गया।
इनसे एक बाइक भी बरामद की गई है। तुमड़िया के वीरपाल ने बताया कि उसने यह डोडा छिलका बदायूं क्षेत्र के किसानों से खरीदकर जुटाया था। वह पीलीभीत के बरखेड़ा में यह माल बेचने जा रहा था तभी पुलिस ने पकड़ लिया। ब्यूरो