बरेली। अलीगंज पुलिस ने नोटों की माला और गड्डियां चुराने के दो आरोपियों को बृहस्पतिवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दोनों संभल जिले के निवासी हैं। आरोप है कि दोनों अलीगंज और सिरौली इलाके में वारदात को अंजाम देते थे। एक आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया है। उनके कब्जे से चोरी की गई दो नोटों की मालाएं बरामद की हैं। इनमें एक माला 5000 रुपये की और दूसरी 2100 रुपये की है। घटना में इस्तेमाल की गई बाइक और एक तमंचा भी बरामद हुआ है।
आंवला सीओ नितिन कुमार ने बताया कि नौ जून को सिरौली में पुनीत की दुकान से नोटों की माला चोरी हुई थी। उसी दिन अलीगंज में मोहित की दुकान से भी नोटों की गड्डी और नोटों के हार चोरी हुए थे। इन दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने सीसी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक ही बाइक और एक जैसे व्यक्ति दिखाई दिए। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई।
बृहस्पतिवार तड़के अलीगंज थाने के दरोगा राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ अलीगंज-सिरौली मार्ग पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान सिरौली की ओर से बाइक पर आ रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया गया। दोनों ने गांव अंतपुर की ओर बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। उन्होंने पुलिस टीम पर दो फायर किए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में साहिल मलिक नाम के आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी।
संभल जिले के निकले बदमाश
घायल आरोपी साहिल मलिक संभल के बिचोटा काजी गांव का निवासी है। दूसरा आरोपी धर्मेंद्र कुमार भी संभल के फिरोजपुर बोदा गांव का रहने वाला है। मुठभेड़ के संबंध में नई रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। पुलिस दोनों बदमाशों का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है।