नवाबगंज (बरेली)। थाना पुलिस ने मोबाइल लूटने वाले दो लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से पीलीभीत निवासी लुटेरे के पैर में पुलिस की गोली लगी है। आरोपियों ने बताया कि वह महंगे शौक और प्रेमिका के खर्चे पूरे करने की वजह से अपराध करते थे।
सीओ नवाबगंज गौरव सिंह ने बताया कि सोमवार रात गांव ग्रेम में डैम के पास जाते हुए बदमाशों को पुलिस ने टोका तो वह फायरिंग करते हुए भागने लगे। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। पता लगा कि वह पीलीभीत जिले के थाना जहानाबाद के गांव सिकलापुर का निवासी तस्लीम है। पुलिस ने उसके साथी नवाबगंज थाने के मोहल्ला गुलशन नगर निवासी सूरजपाल को भी गिरफ्तार कर लिया।
सीओ ने बताया कि 12 जून को नवाबगंज के गांव परोथी निवासी शिखा राठौर कोचिंग पढ़कर घर लौट रहीं थीं, गांव परोथी के पास पहुंचने पर बाइक सवार दो लोगों ने झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लिया। आरोपियों के कब्जे से छिनैती के दो मोबाइल फोन, एक तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो कारतूस व एक बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई। तस्लीम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।