बरेली। कोतवाली पुलिस ने बैंकों के एटीएम तोड़कर रुपये चोरी करने के दो आरोपियों को जंक्शन स्थित मनोरंजन सदन के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने शहर और अलीगंज में दो घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
इंस्पेक्टर सुरेश गौतम ने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक की गन्ना समिति शाखा के प्रबंधक संजीव कु़मार शर्मा ने मंगलवार को अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि चोरों ने चौपुला के पास स्थित बैंक के एटीएम को तोड़कर चोरी की कोशिश की है। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई। बुधवार को सूचना मिली कि आरोपी किसी दूसरी घटना को अंजाम देने की फिराक में मनोरंजन सदन के पास बैठे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर बदायूं के दातागंज थाना क्षेत्र के गांव पलिया निवासी दीपू खटीक और कैंट थाना क्षेत्र के चनेहटी निवासी विकास को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने पीएनबी के एटीएम को तोड़ने की कोशिश के अलावा अलीगंज में इसी तरह की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। उनके पास से एक चाकू और एक बाइक बरामद की गई है। संवाद