बरेली। ठग महिला पुरुष ने सराफ से दो बार खरीदारी कर विश्वास हासिल किया और तीसरी बार में बीस लाख रुपये और जेवर लेकर उन्हें चूना लगा दिया। किला थाने में सराफ ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
किला के मोहल्ला जकाती निवासी विपिन रस्तोगी ने थाना प्रभारी अचल कुमार को बताया कि उनकी मिर्धान गली के सामने सराफ की दुकान है। दुकान पर विपिन और उनके भाई मनोज बैठते हैं। 15 दिन पहले एक आदमी ने दुकान पर आकर चांदी के चार छल्ले बनवाए और शाम को नकद रुपये देकर छल्ले ले गया। कुछ दिन बाद दोबारा छल्ले बनवाकर ले गया। विपिन ने उसका नाम पूछा तो उसने भगवान सिंह निवासी सवाई माधोपुर राजस्थान बताया।
नौ मई को भगवान सिंह एक महिला को लेकर विपिन की दुकान पर आया। महिला को भगवान सिंह ने अपनी साली बताया। भगवान सिंह उन्हें 19 सोने के पैंडल देकर 20 लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवर ले गया। बाद में एक वायरल वीडियो से पता लगा कि पता चला कि बिथरी चैनपुर इलाके में भी भगवान सिंह नकली पैंडल देकर एक सराफ को दस लाख रुपये का चूना लगा चुका है। जब विपिन ने भगवान सिंह द्वारा दिए गए पैंडल की जांच कराई तो पता चला वह नकली हैं। किला थाने में विपिन की ओर से रिपोर्ट दर्ज की गई है।