बरेली। सीएम ग्रिड योजना के तहत ड्रेन कवर में ब्रांडिंग का खेल सामने आने के बाद नगर निगम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कार्यदायी एजेंसी अनमोल एसोसिएट्स की तरफ से डीडीपुरम में नगर निगम मुरादाबाद का ड्रेन कवर लगा दिया गया था। गठित टीम ने बुधवार को मौके की जांच की तो 12 ड्रेन कवर मिले। अब एजेंसी के स्टोर की जांच की जाएगी। ठेकेदार को नोटिस भेजने के लिए पत्र तैयार कर नगर आयुक्त कार्यालय को दे दिया गया है।
सीएम ग्रिड योजना के लिए शासन से करीब 56 करोड़ रुपये दिए गए हैं। बावजूद निर्माण कार्य में खामियां सामने आने से एजेंसी की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। एजेंसी पर पहले ही सड़क निर्माण व यूटिलिटी लाइन के काम को लेकर आपत्तियां सामने आ चुकी हैं। मामला संज्ञान में आने के बाद नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बुधवार को जांच के लिए इंजीनियरों की टीम बनाकर मौके पर भेजी।
इसमें ब्रांडिंग का मामले में गड़बड़ी मिली है। जब बरेली का काम किया जा रहा है तो मुरादाबाद नगर निगम के ढक्कन क्यों लगाए जा रहे हैं। अब आगे अनमोल एसोसिएट्स के स्टोर को भी चेक कराया जाएगा कि उसने वहां पर और अधिक ड्रेन कवर तो नहीं रखे हैं। इसके लिए 10 लाख तक की पेनाल्टी लगाई गई है।
मुरादाबाद का ड्रेन कवर लगाने पर अनमोल एसोसिएट्स पर 10 लाख की पेनाल्टी लगाई गई है। टीम ने मौके पर जाकर जांच की तो पता चला कि 12 ड्रेन कवर मुरादाबाद के लगाए गए हैं। अब इनके स्टोर की भी जांच की जाएगी। पत्र तैयार हो गया है, जल्द एजेंसी को भेजा जाएगा। - संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त