आज रात नौ बजे नौ मिनट तक घरों में रखना है लाइट को स्विच ऑफ, मोमबत्ती, दीया और मोबाइल फोन, टार्च जलाना है
बरेली। रविवार रात नौ बजे सिर्फ नौ मिनट के लिए स्वेच्छा से अपने घरों की रोशनी बंद करनी है। पंखा, एसी, फ्रिज, पंखा, कंप्यूटर और अन्य उपकरण बंद नहीं करने हैं। इसकी एडवाइजरी ऊर्जा मंत्रालय ने जारी कर कहा है कि मोमबत्ती, दीया और मोबाइल फ्लैश, टार्च जलाना है। भार प्रेषण केंद्र, पारेषण और उत्पादन इकाईयों को भी इस संबंध में अलग से निर्देश दिए गए हैं। उत्पादन इकाईयां और पारेषण अनुभाग एक घंटे पहले ही सतर्कता बरतना शुरू कर देगा। क्योंकि नौ मिनट तक घरेलू लाइटें बंद होने से सप्लाई सिस्टम में प्रदेश भर में बड़ा चढ़ाव उतार संभव है। इसलिए उत्पादन इकाईयाें और पारेषण स्टेशनों पर संबंधित उपकरणों की सुरक्षा जरूरी है।
सचिव केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय संजीव नंदन सहाय ने अपने एक परिपत्र में कहा है कि नौ मिनट तक सप्लाई मांग में आने वाले कमी और इससे संभावित समस्या पर राष्ट्रीय भार प्रेषण केंद्र ने इस अवधि मेें ग्रिड सुरक्षा और संतुलन बनाने की प्रक्रिया में काम किया है। इस पर राज्यों में स्थित भार प्रेषण और पारेषण सिस्टम अनुसरण करेंगे। लोग चिंता न करें और घरों में अन्य सभी उपकरणों को सामान्य तौर पर चलाते रहें।
आवश्यक सेवाएं चालू रहेंगी
अधीक्षण अभियंता तारिक जलील ने बताया कि नौ मिनट के लिए स्विच ऑफ कार्यक्रम अवधि में स्ट्रीट लाइटें कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चालू रहेंगी। इसके तहत यूपी पॉवर कारपोरेशन ने अलग-अलग दिशा-निर्देश जारी कर कहा है कि अस्पताल, आवश्यक सेवाएं, रेलवे, फैक्टरी, पेयजल आपूर्ति, वाणिज्य प्रतिष्ठान, पार्क आदि में बिजली सप्लाई सामान्य रूप से बनी रहेगी। सिर्फ घरों और दरवाजों पर होने वाली लाइटें ही बंद कर उत्साहवर्धन करना है।
आज रात नौ बजे नौ मिनट तक प्रधानमंत्री के आह्वान पर स्वेच्छा से सिर्फ घरों में रोशनी बंद रखनी है। घर के बाकी उपकरण बंद नहीं करना है। एसी, फ्रिज, पंखा, कूलर आदि अन्य उपकरण चालू रखें। आवश्यक सेवाएं बाधित नहीं रहेंगी।
- तारिक मतीन, चीफ इंजीनियर