होली रंगों का त्योहार है। जो लोग रंग नहीं खेलते वे अगर कोई मजबूरी या जरूरी न हो तो सड़कों पर न निकलें। यदि आप घर से निकलते हैं और रंग पड़ता है तो उसे लेकर कोई विवाद न करें। यह अपील दरगाह आला हजरत से जुड़े संगठन तहरीके तहफ्फुजे सुन्नियत (टीटीएस) की ओर से की गई है। साथ ही यह ताकीद भी की गई है कि यदि कोई किसी मोहल्ले या क्षेत्र में होली की आड़ में खुराफात करने की कोशिश करता है तो फौरन पुलिस को सूचना दें। खुद विवाद में न पड़ें और न ही कानून अपने हाथ में लें। किसी भी नासमझी से समाज में अशांति फैल सकती है। इसका नुकसान समाज को ही होगा। इसलिए किसी भी तरह माहौल को खराब न होने दें। इस बाबत टीटीएस की ओर से परवेज खान नूरी ने प्रेस को विज्ञप्ति जारी की है।