पंजाब मेल के एसी फर्स्ट कोच में सफर कर रहीं बरेली की महिला डॉक्टर से टीटीई ने अश्लील हरकतें कीं। बुधवार रात धामपुर के पास हुई घटना के बाद महिला डॉक्टर की सूचना पर मुरादाबाद में सभी टीटीई की शिनाख्त कराई गई, मगर आरोपी को डॉक्टर नहीं पहचान पाईं। उन्होंने बरेली जीआरपी थाने में अज्ञात
टीटीई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बरेली की एक महिला डॉक्टर अमृतसर में प्रैक्टिस करती हैं। बुधवार को वह पंजाब मेल से बरेली आ रही थीं। उनका रिजर्वेशन एसी फर्स्ट कोच में था। रात तीन बजे ट्रेन धामपुर के पास से गुजर रही थी। महिला डॉक्टर का आरोप है कि टीटीई उसके पास आया और सीट बदलने को कहा। इस बीच मौका पाकर उसने अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। महिला के शोर मचाने पर अन्य यात्री जाग गए तो टीटीई चला गया। महिला का कहना है कि थोड़ी देर बाद अन्य टीटीई आए, लेकिन उनमें आरोपी नहीं था। इस बीच महिला ने जीआरपी मुरादाबाद को फोन करके सूचना दी।
ट्रेन मुरादाबाद स्टेशन पहुंची तो सीनियर डीसीएम के आदेश पर महिला के सामने ट्रेन के सभी टीटीई की पहचान कराई, लेकिन आरोपी टीटीई को महिला डॉक्टर नहीं पहचान पाईं। करीब दस मिनट रुकने के बाद ट्रेन चल दी। बरेली जंक्शन पर उतरने के बाद महिला ने जीआरपी थाने में अज्ञात टीटीई के खिलाफ तहरीर दी। जीआरपी
इंस्पेक्टर विजय सिंह राणा ने बताया कि मुकदमे को नजीबाबाद जीआरपी थाने भेज दिया गया। आगे की कार्रवाई वहीं से होगी।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले एक टीटीई ने श्रमजीवी में सफर कर रही महिला के साथ अश्लील हरकतें की थीं। जिसके बाद टीटीई को संस्पेंड कर दिया गया था।
मुरादाबाद में सभी टीटीई की शिनाख्त कराई गई, लेकिन महिला डॉक्टर ने किसी को पहचानने से इंकार कर दिया। अब जीआरपी की जांच के आधार पर टीटीई के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- रेखा शर्मा, सीनियर डीसीएम, मुरादाबाद डिवीजन