चेकिंग के दौरान बुधवार शाम जंक्शन पर खड़ी अवध असम एक्सप्रेस से गिरकर जिस यात्री का पैर टूटा, उसने बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में टीटीई का नाम लेकर वसूली जैसे गंभीर आरोप लगा दिए। कहा कि टीटीई ने ही उसे चलती ट्रेन से धक्का दिया। रेलवे के अधिकारियों ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि बिना टिकट यात्रा कर रहे यात्री के खुद कूदने के पुख्ता प्रमाण उनके पास हैं।
शाहजहांपुर जिले के रोजा थाना क्षेत्र के गांव हथौड़ा बुजुर्ग निवासी 35 वर्षीय शैलेश को बुधवार रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शैलेश ने बताया कि वह जनसेवा केंद्र संचालक हैं। आरोप लगाया कि बुधवार को वह अवध असम एक्सप्रेस से शाहजहांपुर से बरेली कमिश्नरी कोर्ट में तारीख लेने आ रहे थे। कैंट में टिकट चेकिंग के दौरान टीटीई संतोष कुमार ने उन्हें पकड़ लिया और 3500 रुपये जुर्माने की बात कही। उन्होंने जुर्माना कम करने का आग्रह किया तो टीटीई ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इस बीच ट्रेन जंक्शन पर आकर खड़ी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान टीटीई ने गुस्से में आकर उन्हें चलती ट्रेन से जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर धक्का दे दिया।