एक सप्ताह पहले भी इसी इलाके से बच्ची को बहकाकर ले जाने की हुई थी कोशिश
बरेली। शहर में बच्चों को उठाकर ले जाने वाला गैंग सक्रिय हो गया है। सफेद कुर्ता या फिर ठीकठाक कपड़े पहने गैंग के युवकों पर कोई शक भी नहीं कर पा रहा है। वे बच्चों को बहकाकर आसानी से अपने साथ ले जाते हैं। शुक्रवार शाम एक युवक ने शाहदाना रोड के मोहल्ला ‘कान मैलान’ से दस साल के बच्चे को टॉफी दिलाने के बहाने उठाकर ले जाने की कोशिश की। खैर हुई कि अंजान व्यक्ति के गोदी में उठाने से बच्चा रोने लगा तो भीड़ जुट गई। खुद को घिरता देखकर युवक बच्चे को छोड़कर भाग गया।
मामले का पता लगने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। मोहल्ले वालों और पुलिस ने बच्चा उठाकर ले जाने की कोशिश करने वाले युवक की तलाश की, मगर कुछ पता नहीं चला। अब उसके हुलिया के आधार पर पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की भी मदद ली जा रही है। एक सप्ताह पहले भी इसी क्षेत्र से एक बच्ची को उठाने की कोशिश की गई थी, इस वजह से क्षेत्र के लोग दहशत में हैं।
शाहदाना रोड के रहने वाले इमाम हुसैन दुकानदार हैं। शुक्रवार रात सवा सात बजे उनका दस साल का पुत्र समी हुसैन पड़ोसी अनवर के साथ घर के बाहर खेल रहा था। उसी दौरान सफेद कुर्ता पयजामा पहने एक युवक वहां पहुंचा, वह समी को टॉफी दिलाने के लिए गोदी में उठाकर चल दिया। यह देखकर अनवर भी पीछे-पीछे चल दिया। अंजान व्यक्ति के गोदी में उठाने से समी कुछ ही कदम आगे बढ़ने के बाद रोने लगा। यह देखकर आसपास के लोग आकर पूछताछ करने लगे। खुद को घिरता देखकर युवक भाग गया। समी रोते हुए अपने घर पहुंचा और पूरी बात बताई। इसके बाद मोहल्ले में भीड़ जमा हो गई। युवक की भी खोजबीन शुरू हुई लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। सूचना मिलने पर बारादरी इंस्पेक्टर शितांशु शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने समी के परिजन और आसपास के लोगों से पूछताछ की। समी ने पुलिस को बताया कि गोदी में उठाने वाले युवक को दोपहर में भी उसने कूड़ा बीनते हुए देखा था। इसलिए उसका चेहरा अच्छी तरह याद है। बताए गए हुलिया के आधार पर पुलिस युवक की तलाश कर रही है।
बता दें कि एक सप्ताह पहले भी शाहदाना रोड के एक अन्य मोहल्ले से एक बच्ची को बहकाकर उठाने की कोशिश की गई थी, लेकिन उस समय बच्ची का पिता पहुंचने पर युवक भाग गया था। अब कुछ ही दिन बाद फिर एक बच्चे को उठाकर ले जाने की कोशिश से क्षेत्र के लोगों में दहशत है।