बरेली। लाल फाटक रेलवे क्रॉसिंग पर रात में सीमेंट लदा ट्रक फंस गया, इससे ट्रेनों को आसपास के स्टेशनों पर करीब एक घंटे तक रोकना पड़ा। आरपीएफ ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। चालक के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार शाम करीब सवा छह बजे एक ट्रक बरेली कैंट स्टेशन से सीमेंट लाद कर पीलीभीत की ओर जा रहा था। क्रॉसिंग से गुजरते समय अचानक ट्रक बंद हो गया। इधर, ट्रेनें गुजरने का समय हुआ तो गेट मैन ने जंक्शन के स्टेशन मास्टर को सूचना दी। रेलवे कंट्रोल मुरादाबाद से मेसेज आने के बाद ट्रेनों को जंक्शन, पितांबरपुर, बिलपुर, टिसुआ, सीबीगंज आदि स्टेशनों पर रोक दिया गया। स्टेशन मास्टर की सूचना पर आरपीएफ मौके पर पहुंच गई। उसने ड्राइवर को हिरासत मेें लेकर ट्रक को कब्जे में ले लिया। इधर, इंद्रपाल का कहना है कि क्रॉसिंग पर उसका ट्रक बंद हो गया था। उसने दूसरे ट्रक से धक्का लगवाकर अपना ट्रक स्टार्ट किया और क्रॉसिंग से आगे निकाल लिया। इसके बाद भी आरपीएफ ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरपीएफ इंस्पेक्टर विपिन सिसौदिया ने बताया कि ट्रक क्रॉसिंग पर खराब हुआ था। इससे क्रॉसिंग बंद नहीं हो सकी थी। करीब एक घंटे तक चार मालगाड़ियों और एक स्पेशल यात्री ट्रेन को रोकना पड़ा। ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। संवाद