फूल तोड़ते समय ट्रेन की चपेट में आए युवक की मौत
थाना किला क्षेत्र के कटघर निवासी 22 वर्षीय राज नाम के युवक की सोमवार सुबह हादसे में मौत हो गई। राज किला मंडी स्थित राजीव की फूलों की दुकान पर काम करता था। परिजनों ने बताया कि सुबह राजीव ने राज को महेशपुर की तरफ फूल तोड़ने के लिए भेजा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फूल तोड़ते समय राज रेलवे ट्रैक के करीब पहुंच गया और तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना दुकान मालिक ने मृतक के परिजनों को दी। मौके पर पहुंची किला थाना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राज के भाई ने दुकान मालिक राजीव पर आरोप लगाए हैं, पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है, राजीव से पूछताछ की जा रही है।