भोजीपुरा। धौराटांडा राइस मिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चावल लोड करने आए ट्रक चालक को राइस मिल मालिकों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। राइस मिल मालिक की ओर से भोजीपुरा थाने में तहरीर दी गई है।
भोजीपुरा इलाके के कस्बा धौराटांडा में अलफ एग्रो राइस इंडस्ट्रीज धौराटांडा पर 22 जुलाई को उत्तराखंड के लालकुआं स्थित पांडेय ट्रांसपोर्ट से एक ट्रक यहां चावल लोड करने आया। राइस मिल मालिकों ने ट्रक की आरसी चेक की। इसके बाद मिल मालिकों ने ट्रक की नंबर प्लेट चेक की तो दो नंबर प्लेट मिला। शक होने पर मिल मालिकों ने ट्रक चालक को पकड़ कर भोजीपुरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
मिल मालिकों ने ट्रांसपोर्टर से बात की तो उन्होंने भी ट्रक चालक को दोषी ठहराया। बुधवार को राइस मिल मालिक मो. मेराज की ओर से भोजीपुरा थाने में तहरीर दी गई। थानाध्यक्ष रामरतन सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है। धोखाधड़ी का मामला है। इसलिए तहरीर को विधिक राय के लिए जिला मुख्यालय भेजा गया है। वहां आदेश मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। संवाद