नवाबगंज। सिजौलिया गांव के एक किसान के घर में लगे पाकड़ के पेड़ की छंटाई से निकली लकड़ी को लेकर वन विभाग ने कार्रवाई की है। लकड़ी से भरी ट्रॉली को बरखन तिराहे के पास धर्मकांटे पर रोककर वन विभाग के अधिकारियों ने अपने कब्जे में ले लिया। जुर्माने की राशि जमा न होने पर ट्रॉली को वन विभाग के कार्यालय में खड़ा करा दिया गया। देर रात तक ट्रॉली छुड़ाने को लेकर खींचतान चलती रही, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।
सिजौलिया गांव निवासी एक किसान अपने घर में लगे पाकड़ के पेड़ की छंटाई के बाद निकली लकड़ी को ट्रॉली में भरकर नवाबगंज ला रहा था। जानकारी मिलते ही वन विभाग के डिप्टी रेंजर आनंद कुमार और बीट प्रभारी वेदप्रकाश मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई की। डिप्टी रेंजर आनंद कुमार ने बताया कि पाकड़ की लकड़ी से भरी ट्रॉली पकड़ी गई है। ट्रॉली को सीज किया जाएगा। संवाद