कोहाड़ापीर विद्युत उपकेंद्र से जुड़ी छह कॉलोनियों के आठ हजार उपभोक्ता पांच दिनों से ट्रिपिंग से जूझ रहे हैं। अन्य इलाकों में भी फॉल्ट के चलते बिजली संकट रहा।
कोहाड़ापीर उपकेंद्र से जुड़ी बृजलोक कॉलोनी में पांच दिनों से ट्रिपिंग हो रही है। 15 मिनट के लिए बिजली आती है तो एक घंटे के लिए गुल हो जाती है। यहां के 500 उपभोक्ता परेशान हैं। उपकेंद्र पर कई बार शिकायत के बावजूद इसका निस्तारण नहीं हो सका। प्रेमनगर कॉलोनी के पांच हजार, धोबी चौराहे के एक हजार, लल्ला मार्केट के एक हजार व बीडीए कॉलोनी के 250 उपभोक्ता भी ट्रिपिंग से परेशान हैं। इन इलाकों में इन्वर्टर भी दगा दे गए। विभागीय हेल्प डेस्क पर दिनभर शिकायतों का सिलसिला जारी रहा।
किला उपकेंद्र से जुड़े बाकरगंज और हुसैन बाग में फेस नहीं आने से उपभोक्ता परेशान रहे। दुर्गानगर व शाहदाना में भी लोकल फाॅल्ट के कारण आपूर्ति प्रभावित रही। अधिशासी अभियंता नितिन कुमार ने बताया कि समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया गया।
मेगा कैंप में आईं 396 शिकायतें
रामपुर रोड, शाहजहांपुर रोड, आंवला, बहेड़ी, काॅमर्शियल प्रथम वर्टिकल में विद्युत निगम आपके द्वार मेगा कैंप में 396 शिकायतें आईं। इसमें से 394 का निस्तारण किया गया। मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने फतेहगंज पश्चिमी व नदोसी उपकेंद्रों का निरीक्षण कर ट्रांसफार्मरों के बेहतर रख-रखाव के निर्देश दिए।