बरेली। बरेली। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से सीडीएस (कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज) व एनडीए(नेशनल डिफेंस अकादमी) की संयुक्त परीक्षा का आयोजन रविवार को 21 केंद्रों पर हुआ। एनडीए की परीक्षा में त्रिकोणमिति के प्रश्न देखकर अभ्यर्थियों का सिर चकरा गया।
सीडीएस व एनडीए की परीक्षा में संयुक्त रूप से 69.6 प्रतिशत उपस्थिति रही। एनडीए की परीक्षा दो पाली तो वहीं सीडीएस की परीक्षा तीन पालियों में आयोजित हुई। दोनों परीक्षाओं में कुल 8410 में 5809 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे। एनडीए की परीक्षा परीक्षा एसवी इंटर कॉलेज, एफआर इस्लामियां, साहूगोपीनाथ समेत कुल 14 केंद्रों पर आयोजित हुई। परीक्षा में कुल पंजीकृत 5987 अभ्यर्थी में से प्रथम पाली में 4270 अभ्यर्थी पहुंचे, प्रथम पाली में गणित की परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि गणित में त्रिकोणमिति, लिमिट व मैट्रिक्स के प्रश्न अधिक मात्रा में थे, इससे प्रश्नों को हल करने में अधिक समय लगा। दूसरी पाली में जनरल एबिलिटी की परीक्षा में 4264 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्न पत्र औसत रहा।
वहीं, सीडीएस की परीक्षा बरेली कॉलेज, जीआईसी समेत सात केंद्रों पर आयोजित हुई। परीक्षा में पंजीकृत 2423 अभ्यर्थियों में से 1539 प्रथम पाली में, 1538 दूसरी पाली में उपस्थित रहे। तृतीय पाली में गणित की परीक्षा के लिए 1304 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, इसमें से 770 उपस्थित हुए। सीडीएस की परीक्षा सात केंद्रों पर हुई। सीडीएस की परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि सामान्य ज्ञान का प्रश्न पत्र बेहद कठिन रहा। इसमें करंट अफेयर व पॉलिटी के प्रश्न काफी उलझाऊ रहे। दूसरी पाली में जबकि अंग्रेजी का प्रश्न पत्र आसान रहा।
प्रश्न काफी कठिन रहे
मेरा पहला प्रयास था। गणित का प्रश्न काफी कठिन रहा, लिमिट, मैट्रिक्स जैसे से जुड़े कई सवाल आए। इससे समय भी अधिक लगा। - ओमेंद्र, बीसलपुर
मेरे लिए प्रश्न पत्र कठिन रहा, गणित के काफी टॉपिक ऐसे थे, जो फॉर्मूला आधारित थे, कुछ प्रश्न तो आसान थे, लेकिन कुछ बेहद कठिन थे।- अनिकेत, बीसलपुर
बीते वर्षों की तुलना में थोड़ा कठिन था, पॉलिटी के सवाल काफी घुमाकर पूछे गए। साथ ही करंट अफेयर भी कठिन रहे। - अमित यादव, बरेली
मेरा दूसरा प्रयास था, जीएस का स्तर हर साल कठिन होता जा रहा है, सिविल सेवा परीक्षा जैसी जीएस भी कठिनाई सीडीएस में भी हो रही।- सचिन, शाहजहांपुर